
मुजफ्फरपुर जिले के मुशहरी प्रखंड स्थित रोहुआ हाई स्कूल के समीप शुक्रवार को नाला निर्माण के दौरान गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से बड़ा हादसा हो गया. पाइपलाइन कटते ही तेज आवाज के साथ गैस का रिसाव शुरू हो गया. घटना के समय करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित रोहुआ हाई स्कूल में कक्षाएं चल रही थीं. अचानक तेज आवाज और गैस का गुबार फैलने से स्कूल में अफरा-तफरी मच गई और पांच छात्र बेहोश हो गए.घटना के बाद स्कूल प्रशासन, स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी बच्चों को तत्काल मुशहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पहुंचाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद एहतियातन सभी पांच छात्रों को बेहतर इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) रेफर कर दिया गया.रोहुआ हाई स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक स्वामी सुधन ने बताया कि स्कूल के सामने नाला निर्माण का कार्य चल रहा था. इसी दौरान गैस पाइपलाइन कटने से तेज धमाके जैसी आवाज हुई. आवाज इतनी तेज थी कि बच्चे घबरा गए. पाइपलाइन कटने के बाद कुछ देर तक चारों ओर गैस का घना गुबार फैल गया. स्थिति सामान्य होने पर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और अस्वस्थ छात्रों को अस्पताल भेजा गया.

