
बिहार में इन दिनों मानसून लगातार सक्रिय है. मौसम विभाग ने शनिवार को राज्य के 27 जिलों के लिए भारी बारिश का बड़ा अलर्ट जारी किया है. इसमें 19 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 8 जिलों में येलो अलर्ट दिया गया है. इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है. साथ ही 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है.ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, अरवल, औरंगाबाद, पटना, जहानाबाद, गया, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, बेगूसराय और लखीसराय शामिल हैं. इन जगहों पर भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाओं का खतरा है. वहीं येलो अलर्ट वाले जिलों में शिवहर, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, दरभंगा, सुपौल, अररिया और किशनगंज शामिल हैं. शेष जिलों में बादल छाए रहेंगे और उमस बढ़ेगी.

