
तेज प्रताप यादव की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रहीं. जेजेडी प्रमुख के घर 20 लाख की चोरी हो गई. उन्होंने अपने निजी सहायक पर चोरी कर भागने के आरोप लगाए हैं. साथ ही ड्राइवर पर भी आरोप लगे. तेज प्रताप यादव ने सोमवार देर रात सचिवालय थाना पहुंचकर पुलिस को शिकायती आवेदन सौंपा. उनका आरोप है कि उनके आवास से 20 लाख रुपये नकद, 2 तोला सोने की चेन, 1 सोने की अंगूठी, 2 हार्ड डिस्क, 4 पेन ड्राइव, एक iPad, एक MacBook लैपटॉप और एक Lenovo लैपटॉप के अलावा 4 iPhone 17 Pro Max मोबाइल फोन चोरी हो गए.आवेदन के मुताबिक, तेज प्रताप यादव ने अपने निजी सहायक (PA) मोतीलाल राय पर उनके पटना स्थित सरकारी आवास से करीब 20 लाख रुपये नकद और कई कीमती सामान चोरी करने का आरोप लगाया. शिकायत में कहा गया है कि 22 जून 2026 को उनके घर में रखे पार्टी फंड के 20 लाख रुपये, 2 तोला सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, सोनी की 4 पेन ड्राइव, 2 हार्ड डिस्क, एक iPad, एक MacBook लैपटॉप, एक Lenovo लैपटॉप और 4 iPhone 17 Pro Max मोबाइल फोन गायब पाए गए. आवेदन में यह भी उल्लेख है कि घटना वाली रात करीब 11:30 बजे ड्राइवर अनिल यादव और आवास पर रहने वाले विशाल ने मोतीलाल राय को एक बैग लेकर घर से निकलते देखा था, जिसके आधार पर चोरी में उसकी संलिप्तता की आशंका जताई गई. तेज प्रताप यादव ने पुलिस से एफआईआर दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी तथा चोरी गए नकदी और सामान की बरामदगी की मांग की है.

