
बंटी यादव हत्याकांड में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. विभागीय जांच में लापरवाही सामने आने के बाद तीन एएसआई समेत चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. शुरुआती जांच में पाया गया कि अपहरण के समय संबंधित पुलिसकर्मी घटनास्थल के आसपास मौजूद थे, लेकिन उन्होंने समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की. बताया जा रहा है कि सेंट्रल एसपी ममता कल्याणी ने विभागीय जांच के आधार पर यह कार्रवाई की है. जिन पुलिसवालों पर एक्शन हुआ है उनमें एएसआई प्रवीण कुमार पंकज, एएसआई अवधेश कुमार, एएसआई वीर बहादुर सिंह और गृह रक्षक सुदर्शन प्रसाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.बताया जा रहा है कि विभागीय जांच के दौरान सामने आया कि बंटी यादव के अपहरण के समय ये पुलिसकर्मी घटनास्थल के करीब मौजूद थे. इसके बावजूद समय रहते आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई, जिससे मामले को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठे. अब निलंबित सभी पुलिसकर्मियों को तीन दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है. विभागीय जांच आगे भी जारी रहेगी और जवाब के आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी.

