यूपी के अयोध्या से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. रौनाही थाना क्षेत्र के सनाहा गांव में नदी में नहाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया. एक बच्ची को बचाने की कोशिश में पांच महिलाएं नदी में डूब गईं. इनमें से तीन महिलाओं की मौत हो गई है, जबकि दो की तलाश अभी भी जारी है. प्रशासन और राहत-बचाव दल लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं.अयोध्या के रौनाही थाना क्षेत्र के सनाहा गांव में उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब नदी में नहाने के दौरान एक बच्ची गहरे पानी में चली गई. उसे बचाने के लिए महिलाएं एक-एक कर नदी में उतरीं, लेकिन तेज बहाव और गहराई की वजह से पांच महिलाएं डूब गईं.ग्रामीणों ने तत्काल बचाव अभियान चलाया और तीन महिलाओं को नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. मृतकों की पहचान 55 वर्षीय सरजुल निशा, 40 वर्षीय नाज़नीन और 19 वर्षीय मरियम के रूप में हुई है. हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है. दो अन्य महिलाओं की तलाश के लिए प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं. मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद हैं और पूरे अभियान की निगरानी कर रहे हैं.

