नरकटियागंज की मलदहिया पंचायत में नल-जल योजना के भुगतान के बदले रिश्वत लेने के आरोप में निगरानी (विजिलेंस) विभाग ने पंचायत सचिव शंकर प्रसाद को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई बुधवार सुबह सहयोग शिविर के दौरान की गई, जहां वह 15 हजार रुपये की पहली किस्त ले रहे थे।जानकारी के अनुसार, नल-जल योजना के मेंटेनेंस कार्य कराने वाले संवेदक परवेज कौशर से भुगतान जारी करने के एवज में पंचायत सचिव ने 28 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। आरोप है कि रिश्वत नहीं मिलने पर भुगतान की प्रक्रिया जानबूझकर लंबित रखी जा रही थी।इससे परेशान होकर संवेदक ने 27 जुलाई को निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के सत्यापन के बाद विभाग ने कार्रवाई की योजना बनाई।बुधवार को मलदहिया मदरसा परिसर में आयोजित सहयोग शिविर के दौरान पंचायत सचिव 15 हजार रुपये की पहली किस्त ले रहे थे। पहले से मौजूद निगरानी टीम ने उन्हें मौके पर ही रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तारी के बाद टीम उन्हें अपने साथ ले गई। इस कार्रवाई से प्रखंड क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

