पटना से सटे बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक हैरान करने वाली वारदात सामने आई है. पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पैतृक आवास के ठीक सामने और स्थानीय थाने से मात्र 50 मीटर की दूरी पर बदमाशों ने दो युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. दोनों युवक गंगा किनारे स्थित सीढ़ी घाट पर आयोजित गंगा आरती में शामिल होकर बाइक से घर लौट रहे थे, तभी घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी.फायरिंग में एक युवक को पीठ पर और दूसरे को पेट में गोली लगी. घायल युवक बाइक छोड़कर जान बचाने के लिए भागते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें भर्ती कराया गया. प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तत्काल पटना रेफर कर दिया. घायलों की पहचान देदौर गांव निवासी विशाल कुमार और अभिषेक कुमार के रूप में हुई है.घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और जांच शुरू कर दी गई है. बदमाशों की पहचान और पकड़ के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है. पुलिस ने दावा किया है कि अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी हो जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा. हालांकि, थाने और पूर्व मुख्यमंत्री के पैतृक घर के इतने करीब हुई इस घटना ने स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

