
भोजपुर से चौंकाने वाली खबर सामने आई. जहां एक पशु अस्पताल का चपरासी ‘कुबेर’ निकला. ऐसा हम इसलिए कह रहे हैं कि उसके पास आय से 253.8 फीसदी ज्यादा प्रॉपर्टी मिली. दरअसल, जिले के गड़हनी वेटनरी अस्पताल में तैनात चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी शिवानंद कुमार सिंह की संपत्ति देखकर निगरानी ब्यूरो की टीम भी चौंक गई. गुरुवार को उसके कार्यालय और घर समेत तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई. शुरुआती जांच में आय से कई गुना अधिक संपत्ति मिलने का खुलासा हुआ.निगरानी ब्यूरो ने शिवानंद कुमार सिंह के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया है. जांच में पता चला कि उसने अपनी वैध आय से करीब 253.8 फीसदी अधिक संपत्ति बनाई. इस मामले में उसके खिलाफ 1 करोड़ 6 लाख 62 हजार 777 रुपये की अवैध संपत्ति का केस दर्ज किया गया. शिवानंद भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अलीपुर गांव का रहने वाला है. वह गड़हनी वेटनरी अस्पताल में चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी के पद पर कार्यरत है. एक सामान्य वेतन पाने वाले कर्मचारी के पास इतनी बड़ी संपत्ति मिलने से जांच एजेंसियां भी हैरान हैं.

